गया/पटना। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ‘जेईई एडवांस्ड 2026’ (JEE Advanced 2026) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस बार बिहार के गया (गयाजी) के बेटे ने पूरे देश में कामयाबी का परचम लहराया है। गया शहर के नादरागंज निवासी शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) हासिल कर एक नया इतिहास रच दिया है। शुभम की इस अभूतपूर्व सफलता पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
शुभम कुमार की इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर अपनी खुशी जाहिर की। सीएम ने लिखा कि जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर देशभर में बिहार का नाम गौरवान्वित करने वाले प्रतिभाशाली छात्र शुभम कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपकी अथक मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रतिभा ने लाखों युवाओं को प्रेरित करने का कार्य किया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि आपके उज्ज्वल भविष्य की नई ऊँचाइयों का आधार बने, यही कामना है।
जारी नतीजों के अनुसार, शुभम कुमार ने इस कठिन परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 360 अंकों में से 330 अंक हासिल कर देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया। परिणाम घोषित होते ही नादरागंज स्थित शुभम के पैतृक आवास पर जश्न का माहौल बन गया। रिश्तेदारों, दोस्तों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ शुभम के परिवार को बधाई देने के लिए उमड़ पड़ी। बेटे की इस कामयाबी से माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और पूरे जिले में मिठाई बांटकर खुशियां मनाई गईं।
जानकारी के मुताबिक, शुभम कुमार पिछले कुछ समय से राजस्थान के कोटा में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय कठिन मेहनत, कड़े अनुशासन, लगातार अभ्यास और शिक्षकों व माता-पिता के सही मार्गदर्शन को दिया है। शुभम की इस जादुई सफलता ने बिहार और खासकर गया जिले के छात्रों के बीच एक नई प्रेरणा और ऊर्जा का संचार किया है। उनकी यह शानदार उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों और लगन सच्ची हो, तो देश की सबसे कठिन चुनौती को भी पार कर शीर्ष मुकाम हासिल किया जा सकता है।