राजधानी पटना के मंदिरी मुहल्ले में बाइक सवार अपराधियों ने एक जदयू नेत्री सोनी देवी को सरेआम गोली मार दी। उनके हाथ और सीने में गोली लगी है। गंभीर हालत में उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां जदयू नेत्री की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के उत्तरी मंदिरी में अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने महिला को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला बेहोश होकर गिर गईं। आननफानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में भी जुटी है। खबर है कि पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ चल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि शराब माफियाओं द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं परिजनों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की गिरफ्तारी करे।
जानकारी के अनुसार सोनी देवी जदयू की नेत्री हैं और वह वार्ड नंबर 22 की जदयू महिला विंग अध्यक्ष हैं। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि जदयू नेत्री हालत काफी गंभीर बनी हुई है। उनके सीने में गोली अभी भी फंसी हुई है। चूंकि गोली काफी नाजुक जगह पर अटकी है इसीलिए डॉक्टर काफी सावधानी बरत रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 22 की जदयू महिला विंग अध्यक्ष सोनी देवी रोज की तरह अपने घर के पास अंडा दुकान चला रही थीं। तभी अचानक दो अपराधी पहुंचे और उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली उनके हाथ में लगी जबकि दूसरी गोली उनके सीने में जा फंसी, जो अब तक शरीर में मौजूद है। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल पीएमसीएच पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।