नवादा : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नव निर्वाचित जिला ध्यक्ष राजकिशोर के स्वागत एवं अभिनंदन को लेकर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा । कार्यक्रम का आयोजन पूरे उत्साह और जोश के साथ किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के प्रति समर्पण और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।जिलाध्यक्ष के पटना से जिले की सीमा खरांठ मोड़ के पास पहुंचते ही सैकड़ों वाहन से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने फूल माला व ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत करते हुए कार्यक्रम स्थल तक लाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष जीवन लाल चंद्रवंशी ने की, जबकि मंच संचालन जदयू के अल्पसंख्यक नेता नेजाम खान कल्लू ने बखूबी निभाया। मंच पर उपस्थित नेताओं ने नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष का माला पहनाकर और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान “जदयू जिंदाबाद” और “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंजायमान रहा।
सभा में राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य अफरोजा खातुन, हरि कृपाल, मोहन सिंह, ललन कुशवाहा, मंजूर आलम, राजीव रंजन, दीपक कुमार, मुन्ना, विपिन चौधरी, प्रदीप सिंह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष राजकिशोर ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जदयू एक परिवार की तरह है, जिसमें सभी को साथ लेकर चलना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई भी कार्यकर्ता उपेक्षित नहीं रहेगा और सभी को सम्मान दिया जाएगा।
राजकिशोर ने कहा कि वे पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता के साथ संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान निकालेंगे। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता किसी कारणवश नाराज हैं, उन्हें मनाने के लिए वे स्वयं उनके घर जाएंगे और बातचीत के माध्यम से हर समस्या का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में आपसी मतभेदों को समाप्त कर सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वोपरि होती है और संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने दोहराया कि जदयू की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और पार्टी की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
राजकिशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर सराहना करते हुए उन्हें बिहार के विकास पुरुष और शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य , बिजली और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी का दायित्व है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा, तब तक विकास अधूरा रहेगा। सभा को संबोधित करते हुए अन्य नेताओं ने भी संगठन की मजबूती पर जोर दिया और नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। नेताओं ने कहा कि राजकिशोर के नेतृत्व में जदयू नवादा में और अधिक मजबूत होगी तथा आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी अपनी बात रखी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिया। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा अटूट है और वे हर परिस्थिति में संगठन के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नए जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा मिलेगी। समापन के अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन करते हुए नेताओं ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कुल मिलाकर यह अभिनंदन समारोह न केवल नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष के स्वागत का अवसर था, बल्कि संगठन की एकजुटता और मजबूती का भी प्रदर्शन रहा। कार्यकर्ताओं के जोश और नेताओं के संकल्प से यह स्पष्ट है कि जदयू आने वाले समय में नवादा जिले में अपनी पकड़ और मजबूत करेगी तथा विकास की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी। मौके पर अनवर भट्ट ने पुनः जदयू में शामिल होने की घोषणा की।
भईया जी की रिपोर्ट