वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र में जालसाजी के एक बड़े मामले में पुलिस ने मुजफ्फरपुर के तिलक रोड स्थित एक घर से सत्ताधारी JDU के एक बड़े नेता को गिरफ्तार कर लिया है। दबोचे गए नेता का नाम कामेश्वर सहाय है जो वैशाली JDU का पूर्व जिला प्रवक्ता बताया जाता है। जदयू नेता कुमारेश्वर सहाय को पुलिस ने एक महिला से 20 लाख की ठगी के मामले में पकड़ा है। उसपर आरोप है कि उसने दूसरे की जमीन की रजिस्ट्री करके महिला से 19 लाख 95 हजार रुपये ठग लिए। कुमारेश्वर के खिलाफ हाजीपुर एसीजेएम-छह की अदालत से गैर जमानतीय वारंट जारी हुआ जिसके बाद उसे दबोचा गया। कामेश्वर मूलरूप से वैशाली के भगवानपुर थाना अंतर्गत असतपुर सतपुरा गांव निवासी हैं। दूसरे की जमीन की रजिस्ट्री करके 20 लाख ठग लेने का आरोप है।
लंबे समय से फरार चल रहा था कामेश्वर
जानकारी के अनुसार इस सिलसिले में भगवानपुर थाना क्षेत्र के सतपुरा गांव निवासी सीताराम पासवान की पत्नी मुन्नी देवी ने भगवानपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जांच-पड़ताल के बाद भगवानपुर थाना में कांड संख्या 304/25 दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुमारेश्वर सहाय मुजफ्फरपुर जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद भगवानपुर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी और अपर थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर मुजफ्फरपुर जिले के तिलक मैदान रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की पुष्टि सदर एसडीपीओ-02 गोपाल मंडल ने की है।
दूसरे की जमीन रजिस्ट्री कर पैसे ऐंठे
हाजीपुर सदर एसडीपीओ-02 ने बताया कि जालसाजी के एक मामले में भगवानपुर थाना की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हाजीपुर एसीजेएम-छह की अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। लंबे समय से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। पीड़ित महिला मुन्नी देवी का आरोप है कि कुमारेश्वर सहाय ने गलत जमीन का बैनामा कर उनसे 19 लाख 95 हजार रुपये की ठगी की। बाद में जब उस जमीन का म्यूटेशन नहीं हो सका तो महिला ने अपने रुपये वापस मांगे। इसके बाद आरोपी ने 13 लाख और 10 लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद आरोपी रुपये लौटाने में आनाकानी करने लगा।
रुपये वापस न मिलने पर पीड़ित महिला न्याय की गुहार लेकर भगवानपुर थाने पहुंची, जहां लिखित शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार JDU नेता कामेश्वर मूल रूप से वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के असतपुर सतपुरा गांव का निवासी है। फिलहाल कुमारेश्वर सहाय को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर भू-माफियाओं और कथित सफेदपोश नेताओं के गठजोड़ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।