बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद के कर्ताधर्ता तेजस्वी यादव पर आज बुधवार को जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बड़ा हमला किया। JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव राज्य के खूंखार क्रिमिनल के साथ विदेश यात्रा का मौज ले रहे हैं। नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव शातीर अपराधी रमीज नेमत खान के साथ विदेश यात्रा पर गए हैं। रमीज नेमत खान उत्तर प्रदेश में हत्या का आरोपी रह चुका है। यही नहीं उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के साथ रमीज नेमत खान के अलावा मोतिहारी सदर के आरजेडी प्रत्याशी देव गुप्ता भी विदेश घूम रहे हैं। नीरज कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘DGP, बिहार को पत्र। मीडिया के अनुसार तेजस्वी यादव हिस्ट्री-शीटर रमीज़ नेमत खान के साथ विदेश भ्रमण पर गए हैं। आशंका है कि मोतिहारी विधानसभा से राजद के प्रत्याशी देवा गुप्ता भी उस यात्रा में शामिल है।’
जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि 100 इनामी अपराधियों की सूची में राजद टिकट पर मोतिहारी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके देव गुप्ता का नाम भी शामिल है। यही नहीं, देव गुप्ता पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। डीजीपी को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने उनके समक्ष तेजस्वी यादव के साथ अपराधी के विदेश भ्रमण पर सवाल खड़ा किया है। नीरज कुमार ने कहा ऐसे अपराधी पर पुलिस नजर रखे। रमीज नेमत का पहले भी नाम सुर्खियों में रहा है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी घर छोड़ते समय रमीज का नाम लिया था। रोहिणी ने रमीज पर बेइज्जती करने का आरोप लगाया था। जेडीयू एमएलसी ने कहा कि डीजीपी बिहार को हमने इस संबंध में पत्र लिखा है। रमीज नेमत के साथ ही देव गुप्ता जो मोतिहारी से राजद का उम्मीदवार रहा है, 28 मामले का आरोपी है। उसपर पुलिस एक लाख रुपये का इनाम घोषित किए है। हमारी आशंका है कि देव गुप्ता भी तेजस्वी के साथ हो सकता है और क्रिसमस के बाद उनके आने की संभावना है। ये दोनों दागदार लोग पुलिस अभिरक्षा में तेजस्वी के साथ घूमते रहते हैं। आखिर किसने ये अधिकार दे दिया इन व्यक्तियों को? कपिल सिब्बल साहब के साथ भी उसकी फोटो है, रमीज खान की फोटो। रमीज जेल में रह चुका है। हिस्ट्री शीटर है।
डीजीपी को लिखे पत्र में जदयू नेता ने कहा है कि रमीज नेमत और देव गुप्ता जैसे अपराधी तेजस्वी यादव के साथ विदेश यात्रा पर हैं। ये दोनों लोग तेजस्वी यादव के साथ घूमते हुए देखे गए हैं। ऐसे अपराधी विदेश कैसे घूम सकते हैं। पुलिस को ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए। उन्होंने आगे लिखा कि मीडिया में यह खबर चली कि अज्ञात वास में तेजस्वी यादव चले गए हैं। लेकिन तेजस्वी ने यह भी नहीं बताया कि विदेश घूमने के लिए न्यायपालिका से परमिशन लिया या नहीं। उन्होंने आगे कहा कि लालू यादव गंभीर बीमारी की अवस्था में हैं। पिता लालू को छोड़कर तेजस्वी निकल पड़े। अब सवाल यह उठता है कि रमीज खान आपके साथ है या नहीं है। आपकी बहन ने आरोप लगाया मीडिया में यह मीडिया स्रोत से यह जानकारी मिली कि वह अभी विदेश गया है। आप भी विदेश घूम रहे हैं। माजरा क्या है? इधर जदयू के आरोपों पर राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि दिल्ली से बिहार तक इनकी सरकार है और यदि ये लोग क्रिमिनल हैं तो जदयू और भाजपा वाले इन्हें पकड़ते क्यों नहीं?