जमुई : बिहार के जमुई में कल यानी कि रविवार को झाझा बलियाडीह गांव में दो गुटों के बीच आपसी झड़प के बाद जमकर ईंट-पत्थर चले। मामला इतना बढ़ गया कि प्रशासन ने शान्ति बनाये रखने के लिए आज 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद एसपी खुद मामले को लेकर नजर बनाये हुए हैं। आठ लोगों की गिरफ्तारी के साथ ही 41 लोगों पर मामला भी दर्ज किया गया है।
घटना के सम्बन्ध में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि प्रशासन ने कड़ी कारवाई करते हुए 41 लोगों पर FIR दर्ज कर 8 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। आगे बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ भ्रान्तियां भी फैलाने की कोशिश की जा रही थी। इसी कारण से प्रशासन द्वारा पहले ही सावधानी बरतते हुए इंटरनेट की व्यवस्था बंद कर दिया है।
घटना को लेकर SP मदन कुमार आनंद ने बताया कि व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर के फ्लैग मार्च और शांति समिति की बैठकें की जा रही है। पुलिस फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पथराव की घटना के बाद चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर घटना के विरोध में दुकाने बंद है।