बिहार में मधुबनी से भाजपा सांसद अशोक यादव के पुत्र और पूर्व मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव के पौत्र के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों ने थाना में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि वह अभी दो दिन पहले ही दिल्ली से लौटा था। जानकारी मिली है कि सांसद अशोक यादव का बेटा विभूति कुमार यादव दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित आवास से गायब हो गया। परिजनों द्वारा लहेरियासराय थाने में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया है। फिलहाल लहेरियासराय पुलिस सांसद पुत्र की तलाशी में जुट गई है। यह पहला मौका नहीं है जब बिहार में किसी राजनेता के बेटे के गायब होने की खबर सामने आई है। कुछ समय पहले नीतीश सरकार के श्रम मंत्री संतोष सिंह ने भी आरोप लगाया था कि साल 2005 में उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया था।
इधर सांसद अशोक यादव के पुत्र के गायब होने के बाद परिजनों का कहना है कि रविवार की दोपहर विभूति यादव बंगाली टोला आवास से बाजार के लिए निकला था। देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा। तब घर के सदस्य उसके मोबाइल पर कॉल करने लगे लेकिन मोबाइल रिसीव नहीं हो सका। लिहाजा परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। फिर उन्होंने खोजबीन शुरू की परंतु विभूति यादव का कहीं कोई पता नहीं चल पाया। थकहार कर सांसद के परिजन लहेरियासराय थाना पहुंचे और गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस भी एक्टिव नजर आ रही है। विभूति कुमार यादव पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण का पौत्र है।
परिजनों का कहना है कि सांसद अशोक यादव का पुत्र विभूति कुमार यादव दिल्ली में रहकर लॉ की पढ़ाई कर रहा था। वह लॉ के सेकंड समेस्टर का छात्र है। वह दो दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर आया था। आज रविवार की दोपहर काले रंग का पेंट और हरे रंग का टीशर्ट पहनकर घर से निकला था। लेकिन शाम तक वापस घर नहीं लौटा है। परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से करते हुए सूचना देने की बात कही है। लापता विभूति के पिता अशोक यादव दरभंगा के केवटी विधानसभा से दो बार भाजपा के विधायक भी रह चुके है। इसके बाद वह मधुबनी से दूसरी बार लगातार सांसद चुने गए है। वर्ष 2019 में केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव को पद्मभूषण पुरस्कार ने नवाजा था।