मोतिहारी के केसरिया थाना अंतर्गत तिरलोकवा तिलोकीया गांव में एक सनसनीखेज ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक भाई ने अपनी बहन और उसके प्रेमी की हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। इस डबल मर्डर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लड़की के भाई का नाम अमन कुमार और लड़की के मारे गए प्रेमी का नाम विकास कुमार बताया जाता है। जानकारी के अनुसार लड़की के भाई अमन ने अपनी बहन और उसके प्रेमी विकास को अपने घर में आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इसके बाद उसने गुस्से में आकर दोनों को वहां रखे लोहे के हथौड़े से कूंच—कूंच कर मार डाला।
बताया था है कि लड़की का प्रेमी विकास कुमार भी तिरलोकवा तिलोकीया गांव का ही रहने वाला है और उसका काफी वर्षों से अमन की बहन के साथ प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा था। पहले भी इस बात को लेकर लड़की के घरवालों की तरफ से उसे चेतावनी दी गई थी। लेकिन बार-बार मना करने के बावजूद वह नहीं माना। इसके बाद बीती देर शाम वह लड़की से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान घर में आपत्तिजनक हालत में उसे और लड़की को अमन कुमार ने देख लिया और अपनी बहन तथा उसके प्रेमी की वहीं हत्या कर दी। मृतक विकास कुमार पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज पूरे मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
चकिया के डीएसपी सत्येंद्र सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना इलाके के तिरलोकवा गांव में डबल मर्डर का मामला सामने आया है, जिसमें अमन कुमार ने अपनी बहन और उसके प्रेमी विकास कुमार की हथौड़े से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मौके से मर्डर वेपन हथौड़े को बरामद कर लिया है और उसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। वहीं हत्यारे अमन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों में अजय साह की 20 वर्षीया पुत्री प्रिया कुमारी और 25 वर्षीय विकास कुमार शामिल हैं। विकास पर हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले भी दर्ज हैं।