बिहार के लोगों को उमस भरी गर्मी से अभी राहत नहीं मिलने वाली है। मौनसून के राज्य में देर से आने की संभावना है। इस बीच भीषण गर्मी को देखते हुए पटना में स्कूलों और कोचिंग संस्थानों की टाइमिंग बदल दी गई है। अब सुबह 11 बजे के बाद इनके संचालन पर रोक लगा दी गई है। नई टाइमिंग के अनुसार 8वीं तक के स्कूलों में अब 11 बजे के बाद पढ़ाई नहीं होगी। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह 10 बजे ही छुट्टी का आदेश दिया गया है। दूसरी तरफ सभी तरह के कोचिंग संस्थानों को सुबह 11 बजे से दोपहर साढ़े 4 बजे तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। यह नई टाइमिंग आगामी 16 जून तक लागू रहेगी।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने लगभग आधे बिहार में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, रोहतास समेत कई जिलों में झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। पटना के जिलाधिकारी ने आदेश दिया है कि अधिक तापमान, विशेष रूप से दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए सभी निजी या सरकारी विद्यालयों में कक्षा आठ तक एवं सभी कोचिंग संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों पर सुबह 11 बजे के बाद, प्री-स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्रों में 10 बजे के बाद पढ़ाई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। कोचिंग संस्थानों में शाम साढ़े चार बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जा सकता है।
इधर, मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में दक्षिण पश्चिम बिहार, दक्षिण मध्य बिहार और दक्षिण पूर्व बिहार में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होने के आसार हैं। एक या दो स्थानों को छोड़कर बाकी सभी जगह मौसम शुष्क बने रहेंगे। पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर समेत आसपास के इलाकों में अधिक गर्मी पड़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने अररिया, किशनगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में रोहतास सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गोपालगंज में 41.1, बक्सर में 40 डिग्री सेल्सियस वहीं औरंगाबाद में 40.2 डिग्री सेल्सियस, भोजपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस, सारण में 40.7 और गया 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में भी अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।