झारखंड के हजारीबाग से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां NTPC के DGM की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वारदात आज शनिवार सुबह की है। मृतक की पहचान कुमार गौरव के रूप में हुई है। कुमार गौरव एनटीपीसी कोयला परियोजना केरेडारी के डीजीएम पद पर नियुक्त थे। आज सवेरे जब वे अपने कार्यालय जा रहे थे, तभी उनपर घात लगाए बदमाशों ने हमला किया और कुमार गौरव की गोली मारकर हत्या कर दी। कुमार गौरव कोयला डिस्पैच डिपार्टमेंट के डीजीएम थे। उनकी हत्या की खबर मिलने के बाद पूरे झारखंड में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ऑफिस जाने के दौरान हुआ हमला, पीठ में लगी गोलियां
जानकारी के मुताबिक कुमार गौरव शनिवार सुबह हजारीबाग स्थित अपने घर से अपने कार्यालय जाने के लिए कंपनी के वाहन से रवाना हुए थे। इसी दौरान कटकमदाग थाना क्षेत्र के फतहा चौक के पास बाइक से अपराधियों ने उनके वाहन को ओवरटेक करते हुए उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद अपने वाहन में ही कुमार गौरव लुढ़क गए। आनन फानन में उन्हें आरोग्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि कुमार गौरव नालंदा बिहार के रहने वाले थे। एनटीपीसी पदाधिकारी की इस तरह दिनदहाड़े सरेआम हत्या के बाद प्रशासन पर भी बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है।
बाइक सवार हमलावरों ने कार ओवरटेक कर किया हमला
जानकारी के अनुसार जब हमलावरों ने कुमार गौरव पर गोली चलाई, उस वक्त उन्होंने अपनी सीट पर ही पीछे की तरफ मुड़कर बचने की कोशिश की जिससे गोली उनके सीने की बजाए पीठ में जा लगी। इस घटना से आस-पास के इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस बदमाशों की धर-पकड़ में जुटी है। हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि छापेमारी जारी है। विदित हो कि इससे पहले भी आउटसोर्सिंग कंपनी के एक अन्य जीएम की हत्या लेवी के लिए अपराधी द्वारा की जा चुकी है। नक्सलियों द्वारा लेवी वसूली से भी इस घटना के तार जोड़कर देखे जा रहे हैं क्योंकि कुमार गौरव पर ही कोयला डिस्पैच की जिम्मेदारी थी।