शराबबंदी वाले बिहार से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां बेगूसराय के एक सरकारी स्कूल के पुराने शौचालय में तस्करों ने शारब छिपा कर रखी थी। इस छिपाकर रखी दारू को खेल—खेल में एक चौथी कक्षा के छात्र ने पी लिया। इसके बाद जब वो शराब पीकर नशे में टल्ली हालत में घर पहुंचा तो वहां हड़कंप मच गया और मामले का खुलासा हुआ। मामला बेगूसराय के सिसवा उर्दू मिडिल स्कूल का है। जांच करने पर पता चला कि यहां शराब तस्करों ने स्कूल परिसर के अंदर बने एक पुराने और टूटे-फूटे टॉयलेट को शराब का गोदाम बना दिया था। चौथी क्लास का एक मासूम छात्र गलती से उस जगह पहुंच गया और नासमझी में उसने शौचालय में रखी शराब पी ली। इसके बाद वह पूरी तरह नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा, जिससे उसके परिवार और पूरे गांव के लोग भौंचक्का रह गए।
लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा बच्चा
स्कूल के हेडमास्टर ने तुरंत पुलिस को इस पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बछवारा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और शौचालय से 23 कार्टन विदेशी शराब जब्त किया गया। बताया जाता है कि सिसवा गांव के रहने वाले मोहम्मद परवेज आलम के 11 साल के बेटे मोहम्मद शोएब रोज की तरह ही आज मंगलवार को भी स्कूल गया था। जब वह दोपहर में स्कूल से घर लौटा तो वह अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। वह बुरी तरह लड़खड़ा रहा था, और उसके मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी। नशे के असर के कारण छात्र शोएब की हालत बिगड़ने लगी थी। उसकी मां रिजवाना खातून और उसके चाचा मोहम्मद खुर्शीद उसे ऐसी हालत में देखकर पूरी तरह से हैरान रह गए। आनन-फानन में स्थानीय डॉक्टरों द्वारा उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। परिजनों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।
टॉयलेट में मिला विदेशी शराब
जब परिवार वालों को कुछ समझ नहीं आया कि बच्चे को क्या हुआ है। तो उन्होंने शोएब के दोस्तों से इस बारे में पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि शोएब स्कूल परिसर के पूर्वी हिस्से में बने एक पुराने और टूटे-फूटे टॉयलेट की तरफ चला गया था, जहां शराब से भरे कई बक्से छिपाकर रखे गए थे। परिवार वाले तुरंत स्कूल पहुंचे और स्कूल के हेडमास्टर मोहम्मद मुर्शाली को पूरी बात बताई। इसके बाद जब टॉयलेट का दरवाजा खोला गया, तो अंदर विदेशी शराब से भरे बक्सों का एक बहुत बड़ा ढेर मिला। इसके बाद हेडमास्टर की सूचना पर पहुंची बछवाड़ा थाने की पुलिस ने स्कूल के शौचालय से 23 कार्टन (204 लीटर) विदेशी शराब जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्कर स्कूल के दौरान इतनी बड़ी खेप परिसर के अंदर लाने में कैसे कामयाब रहे। वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि इसमें स्कूल के स्टाफ की कोई मिलीभगत थी या नहीं।