Gopalganj : गोपालगंज जिले के फुलवरिया स्थित सवनही पट्टी गांव में शनिवार को शौचालय की टंकी की सेंट्रिंग खोलते समय बड़ा हादसा हो गया। गयासुद्दीन मियां के घर करीब 15 दिन पहले ढाली गई शौचालय की टंकी की सेंट्रिंग खोलने उतरे चार कामगारों की जहरीली गैस और दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने अंदर गया मंजूर खान का पुत्र सिराज खान गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, गोपालगंज के फुलवरिया स्थित सवनही पट्टी गांव निवासी गयासुद्दीन मियां के घर शौचालय की टंकी की ढलाई करीब 15 दिन पहले कराई गई थी। इसी की सेंट्रिंग खोलने के लिए शनिवार दोपहर चार कामगार टंकी के अंदर उतरे थे। जहां, उनकी दम घुटने से मौत हो गई। इस दौरान उन्हें बचाने पहुंचे एक युवक मंजूर खान के पुत्र सिराज खान की भी तबीयत बिगड़ गई, जिसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया पहुंचाया गया। जहाँ से बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतकों में सवनही पट्टी गांव निवासी रमाशंकर बैठा के पुत्र बंटी बैठा, गयासुद्दीन मियां के पुत्र टीपू, समयनहीं वृत्त गांव निवासी विश्वनाथ यादव के पुत्र उमेश यादव तथा श्रीपुर थाना क्षेत्र के गिदहा गांव निवासी एक अन्य युवक शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
