गोपालगंज : जिले के बहुचर्चित अटल पांडेय हत्याकांड में न्याय की जीत हुई है। आज गोपालगंज के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने भोरे विधानसभा क्षेत्र से पूर्व CPI(M) प्रत्याशी जितेंद्र पासवान को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने जितेंद्र पासवान को उम्रकैद के साथ 50,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
जुर्माना अदा नहीं करने पर एक वर्ष अतिरिक्त जेल काटनी होगी। न्यायालय ने अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए ठोस साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को आधार मानते हुए जितेंद्र पासवान सहित अन्य आरोपियों को इस जघन्य अपराध का दोषी पाया।
यह घटना 2 दिसंबर, 2021 की है। मामला विजयीपुर थाना क्षेत्र के कोरेया गांव से जुड़ा है। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा भूमि विवाद इस खूनी संघर्ष का कारण बना। विवाद के दौरान अटल पांडेय पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद अटल पांडेय को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया।
जितेंद्र पासवान पूर्व में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, ऐसे में एक राजनीतिक चेहरे को हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा मिलने से पूरे जिले में सरगर्मी तेज हो गई है। लोगों के बीच इस फैसले को लेकर न्यायपालिका के प्रति भरोसे की चर्चा हो रही है। इस फैसले के साथ ही करीब चार साल पुराने इस हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय मिला है।