गोपालगंज में एक मस्जिद के अंदर मौलवी की चाकू से गोदकर हत्या कर दिये जाने की खबर है। वारदात को उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित मस्जिद के अंदर अंजाम दिया गया। मस्जिद परिसर के अंदर से मौलवी की खून से लतपथ लाश बरामद की गई। उसके शरीर पर चाकू से वार के कई निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है। मृतक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के सिसई गांव निवासी शफीक अहमद के रूप में हुई है। शफीक मियां मस्जिद में मौलवी की सेवा देते थे और वहीं रहते थे। देर रात मस्जिद परिसर में शफीक मियां पर चाकू से कई वार किये गए जिससे उनकी मौत हो गई।
अजान नहीं हुई तो लोगों को हुआ शक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोज की तरह आज सुबह निर्धारित समय पर मस्जिद से अजान की आवाज नहीं आई। इससे आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। कुछ स्थानीय लोग जब स्थिति का जायजा लेने के लिए मस्जिद के अंदर पहुंचे तो वहां मौलवी शफीक अहमद का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। उचकागांव पुलिस ने मामले की जांच के क्रम में आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आसपास के कई थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
इसबीच हथुआ एसडीपीओ भी वहां एफएसएल की टीम के साथ पहुंच गए और घटनास्थल से बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जुटाए। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर शफीक मियां पर जानलेवा वार किसने किया। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद समेत अन्य संभावित एंगल को भी खंगाला जा रहा है। इलाके में फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ है और मस्जिद में मौलवी की हत्या से लोग काफी आक्रोशित हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने को कहा है और आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही हत्यारों को दबोच लिया जाएगा।