छपरा के कुख्यात गैंगस्टर विकास कुशवाहा के साथ गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र में आज सोमवार को तड़के पुलिस की भीषण मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में कुख्यात विकास कुशवाहा को गोली लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गोली विकाश कुशवाहा के पैर में लगी है और उसे फिलहाल गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को आभूषण लूटकांड समेत हत्या और डकैती के कई संगीन वारदातों में विकाश कुशवाहा की तलाश थी। मुठभेड़ स्थल से कई हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। गोपालगंज एसपी ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि किसी नई वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी मांझा क्षेत्र में इकट्ठा हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने उनकी घेराबंदी की जिस दौरान मुठभेड़ हुई।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने अपराधियों के जुटान की खबर मिलने के बाद मांझागढ़ थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास घेराबंदी की। अपराधियों को इसकी जैसे ही भनक लगी वे फायरिंग करने लगे। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में दोनों तरफ से जमकर गोलियां चली जिसमें कुख्यात अपराधी विकास सिंह कुशवाहा गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल विकास कुशवाहा को मौके से दबोच लिया और उसे सदर अस्पताल के इमर्जेंसी वार्ड में भर्ती कराया। विकास सिंह कुशवाहा सारण जिले के जनता बाजार निवासी कृष्णा सिंह का पुत्र है। उस पर पहले से कई लूटपाट, डकैती और हत्या जैसे मामले दर्ज है। विकास एक गैंग चलता है जिसने हाल ही में एक ज्वेलरी शॉप को लूट लिया था।
गोपालगंज एसपी अवधेश दीक्षित के अनुसार अपराधियों की गोलीबारी में एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। लेकिन पुलिस का कोई जवान घायल नहीं हुआ। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने भी कई राउंड गोलियां चलाई। इसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी। इसके बाद वह जमीन पर गिर गया। बताया गया है कि घायल अपराधी कुख्यात विकास सिंह कुशवाहा है, जो सारण का रहने वाला है। वहीं विकास सिंह कुशवाहा गैंग के अन्य अपराधी मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।