गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज जिले से रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार महम्मदपुर थाना क्षेत्र के काशी टेंगराही गांव में जमीन बंटवारे के विवाद में एक बेटे ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी ही मां की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने आरोपी बेटे को पकड़कर जेल भेज दी है।
घटना के सम्बन्ध में परिजनों के बताया कि, परिवार में काफी समय से जमीन के बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही थी। सोमवार की रात यह विवाद उस वक्त खौफनाक मंजर में बदल गया जब आरोपी बेटा नशे की हालत में घर पहुंचा। और मां के साथ शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि बेटे ने लाठी-डंडों से अपनी मां पर इस कदर हमला किया कि उनके दोनों हाथ और पैर टूट गए।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल महिला को तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया। जिसके बाद हालत की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल और फिर वहां से गोरखपुर रेफर कर दिया। लेकिन, गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजन तारकेश्वर सिंह ने बताया कि उनका भाई पहले बाहर कमाता था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से घर पर रहकर शराब का आदी हो गया था। जमीन विवाद को लेकर वह अक्सर मां से झगड़ता रहता था।
जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस के साथ पहुंचे सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में घटना की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। वहीँ अगर बात की जाय तो यह घटना समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और संपत्ति के लोभ में टूटते रिश्तों का एक वीभत्स उदाहरण है। जिस मां ने पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी के खून से बेटे ने अपने हाथ रंग लिए।