मुजफ्फरपुर से एक रुह कंपा देने वाली घटना की खबर सामने आई है। यहां एक बकरी के मक्के के खेत में घुस जाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की बेरहमी से जान ले ली गई। इस घटना से पूरे गांव के लोगों में आक्रोश और तनाव फैल गया। मौके पर हालात को काबू करने के लिए कई थानों की पुलिस को बुलाना पड़ा जिसके बाद स्थिति संभाली जा सकी। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि मक्के के खेत में बकरी चराने को लेकर विवाद में ज्योतिक सहनी की पत्नी सुनैना देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है जबकि उसके पति ज्योतिक सहनी को भी बुरी तरह पीटा गया। यह भी पता चला कि बकरी ने ज्योतिक सहनी के पड़ोसी के खेत में घुसकर मक्के के महज दो पौधों को ही खाया था।
जानकारी के अनुसार घटना मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र की है। मृतक महिला सुनैना देवी रोज की तरह अपनी बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान बकरी पड़ोसी के मकई के खेत में चली गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना गरमा गया कि आरोपियों ने सुनैना देवी और उसके पति ज्योतिक सहनी को पकड़ कर रस्सी से बांध दिया। उसके बाद लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ पीटाई करने लगे। इस घटना में महिला की जान चली गई जबकि उसका पति बुरी तरह से जख्मी हो गया। इस घटना से पूरे गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने इस संबंध में ज्योतिक सहनी की पड़ोसी चिंता देवी और उसके परिजनों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीपीओ पश्चिमी-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। वारदात को लेकर चार आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस मामले में चिंता देवी नामक महिला आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।