गया में एक वार्ड पार्षद ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर एक पुलिस अधिकारी के साथ जमकर मारपीट की और उसका हाथ तोड़ दिया। जख्मी पुलिस अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रामपुर थाना क्षेत्र के गवाल बीघा मोड़ स्थित मेराज आलम की दुकान में घटी। पुलिस को दुकान में देर रात तक असामाजिक तत्वों के जमघट की सूचना मिली थी। गश्ती पुलिस की टीम जब एएसआई विक्रम पासवान के नेतृत्व में वहां पहुंची तो देखा कि वहां कई युवक सिगरेट फूंकते हुए हंगामा कर रहे थे। जब पुलिस ने दुकान बंद करने और युवकों को वहां से जाने को कहा तो वे लोग पुलिस से भिड़ गए। एएसआई विक्रम पासवान के मना करने पर युवकों की भीड़ में मौजूद वार्ड पार्षद मोहम्मद कलाम और उनके समर्थकों ने अचानक एएसआई पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान एएसआई का हाथ भी तोड़ दिया और वर्दी फाड़ दी।
जख्मी एएसआई को गया के अनुग्रह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में अब तक दो युवकों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि वार्ड पार्षद अब भी फरार है। घटना गया जी के रामपुर थाना क्षेत्र के गेवाल बीघा मोड़ के पास घटी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि दुकान देर रात से तड़के बजे तक खुली रहती है और वहां पर दूर-दूर से असामाजिक तत्वों का जमघट लगा रहता है। पुलिस द्वारा पूर्व में भी दुकानदार को नोटिस दी गई थी कि वह देर रात तक दुकान नहीं खोले। लेकिन दुकानदार ने नोटिस का पालन नहीं किया। जख्मी एएसआई ने बताया कि बीती रात मैं गश्ती पर था। सभी जगह स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण थी। मगर जब पुलिस टीम गेवाल बीघा पहुंची तो देखा कि काफी संख्या में युवक वहां पर मौजूद हैं और सिगरेट फूंकते हुए हंगामा कर रहे थे। मना करने पर उन लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में वार्ड पार्षद मोहम्मद कलाम और उनके सहयोगियों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है। रामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकानदार और वार्ड पार्षद के लोगों ने मिलकर एएसआई विक्रम पासवान के साथ मारपीट की। उनका हाथ टूट गया है और इंटरनल इंजरी है और वह अस्पताल में भरती हैं। अभी मेराज आलम और इम्तियाज आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि वार्ड पार्षद फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकानदार को पहले भी नोटिस दी गई थी। लेकिन वो नोटिस का भी पालन नहीं करता। उसके खिलाफ भी एएसआई के फर्द बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है।