गया : बिहार के गया शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में पागल कुत्तों ने तांडव मचाते हुए दर्जनों लोगों को अपना शिकार बनाया। जानकारी के अनुसार, 12 घंटे के भीतर ही 40 से अधिक लोग जख्मी हो गए। घायलों की संख्या लगातार बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीँ, शहर के कई मोहल्लों में इस कदर दहशत कि लोग घरों से निकलने में कतरा रहे हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए गया के जयप्रकाश नारायण (JPN) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर धीरज शर्मा ने बताया कि सुबह से ही कुत्ते के काटने के मामले आने शुरू हो गए थे। देर रात तक मरीजों के आने का सिलसिला जारी रहा। अब तक 40 से ज्यादा गंभीर मरीजों का इलाज किया जा चुका है। अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी को एंटी-रेबीज की सुई लगाई जा रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त दवाओं और स्टॉफ का प्रबंधन किया गया है।
शहर के कई मोहल्लों में इस कदर दहशत है कि लोग शाम होते ही घरों से निकलने में कतरा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनकी नसबंदी को लेकर गंभीर नहीं है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीँ, अस्पताल के बाहर भी कई लोग अपनी बारी का इंतजार करते देखे गए। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की जा रही है।