गया से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां एक एएसआई ने अपने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। घटना गया पुलिस लाइन की बैरक में घटने की बात कही जा रही है। मृतक एएसआई का नाम नीरज कुमार बताया जा रहा है और वह लखीसराय के सूर्यगढ़ा का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार एएसआई नीरज हाल ही में छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। बीती रात वह अपने बैरक में ठीक—ठाक अवस्था में था। लेकिन आज गुरुवार को सुबह—सुबह बैरक में उसका शव पड़ा हुआ देखा गया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस बैरक में हड़कंप मच गया। गया के सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि मामले में पुलिस की छानबीन चल रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इसबीच मृतक एएसआई के परिजनों ने कहा है कि यह सरासर हत्या का मामला है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि 45 दिनों की छुट्टी के बाद वह अपने गांव से 2 दिन पहले ही लौटा था। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच हो रही है। जांच के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है। मृतक नीरज कुमार सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगारपुर का रहने वाला था। संभावना है कि उसने बीती रात में गया पुलिस लाइन में अपनी सर्विस रिवाल्वर से आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर लखीसराय से उनके स्वजन गया के लिए रवाना हो गए हैं। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
क्या बोले गया के सिटी एसपी
वहीं गया के सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि एएसआई नीरज कुमार ने पुलिस लाइन में अपने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार कर जान दे दी है। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 45 दिनों की छुट्टी से आने के 2 दिन ही उसने क्यों ऐसा कदम उठाया, इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आ पाई है। परिजनों के बयान और परिस्थितियों के ठोस विश्लेषण के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।