आरा के गड़हनी में अंडा खाने के विवाद में दो लोगों की हत्या कर दिये जाने की खबर है। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के रत्नाढ़ गांव में घटी। मृतकों की पहचान सुरेंद्र यादव के पुत्र चंदन कुमार उर्फ मांझील यादव और कल्लू मियां के पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार दोनों मारे गए युवक अपराधिक चरित्र वाले थे और आशंका है कि यह घटना आपसी गैंगवार का नतीजा हो। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। मौके पर एएसपी र कई थाना की पुलिस कैंप कर रही है।
एएसपी ने बताया कि दो पक्षों में हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों को दोनों तरफ से एक-एक आदमी शामिल हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह गैंगवॉर है या आपसी दुश्मनी में यह घटना घटी है। उन्होंने आगे कहा कि गड़हनी थाना क्षेत्र के रत्नाढ़ गांव में घर से अंडा खाने गए सुरेंद्र यादव के पुत्र चंदन कुमार उर्फ मांझील यादव का विवाद गांव के ही कल्लू मियां से हो गया। दोनों पक्षों में अंडा खाने को लेकर विवाद हुआ जिसमें विवाद के दौरान ही कल्लू मियां की तरफ से गोली चलने लगी।
वहीं मांझील यादव पक्ष के एक मृतक चंदन कुमार के भाई ने बताया कि कल्लू मियां और उनके तीन बेटों के साथ-साथ गांव के अन्य लोग भी अचानक गोली चलाने लगे। गोली लगने के बाद चंदन को आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शरीर मे 3 से 4 गोलियां लगी थी। जबकि दूसरे पक्ष से कल्लू मियां के पुत्र सोनू कुमार की गोली लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसके शव को फिलहाल गांव में ही रखा गया है। सोनू की मौत किसकी गोली से हुई, ये स्प्ष्ट नही है।