महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं। हाल में उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की जिसके बाद उनके पार्टी अध्यक्ष बनने की चर्चा गरम है। हालांकि नए अध्यक्ष पद की रेस में फडणवीस के साथ ही भूपेन्द्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान का नाम भी लिया जा रहा है। लेकिन फडणवीस इनमें सबसे हॉट बने हुए हैं क्योंकि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने आलाकमान को सरकार से हटकर संगठन में काम करने की इच्छा बताई थी।
पार्टी का भरोसा, हर आदेश सिर माथे
फडणवीस ने लोस चुनाव में खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा भी दिया था जिसे तब स्वीकार नहीं किया गया था। अब जानकारी मिल रही है कि फडणवीस को संगठन में बड़ी ज़िम्मेदारी यानि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाने वाला है। फडणवीस को पार्टी का भरोसा हासिल है क्योंकि उन्होंने महाराष्ट्र का पूर्व सीएम रह चुकने के बावजूद पार्टी के आदेश पर गठबंधन की शिंदे सरकार में डिप्टी सीएम बनने में कोई हीला—हवाली नहीं की थी।
क्यों अध्यक्ष पद के लिए फडणवीस सबसे फिट
दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की तस्वीरें फडणवीस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर भी साझा की थी। इसमें उन्होंने लिखा था कि पीएम नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद महाराष्ट्र के साथ हमेशा ही रहा है और आगे भी रहेगा। उनसे मिलकर हर बार एक नई ऊर्जा मिलती है, उनका मार्गदर्शन मिलता है। भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए फडणवीस को एकदम परफेक्ट माना जा रहा है। उनके पीएम मोदी के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी अच्छे रिश्ते हैं। RSS में भी उनकी अच्छी इमेज है।