सुल्तानगंज नगर परिषद में कल शाम हुए सनसनीखेज शूटआउट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस जघन्य हत्याकांड के मास्टरमाइंड और नगर परिषद उपाध्यक्ष नीलम देवी के पति रामधीन यादव को आज बुधवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस मुठभेड़ में डीएसपी समेत पुलिस के तीन अफसर भी जखमी हुए हैं। बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को पकड़ा था। उनसे पूछताछ के आधार पर छापेमारी के दौरान हथियार बरामदगी के वक्त हत्याकांड का मुख्य आरोपी रामधीन और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मास्टरमाइंड रामधीन यादव को मार गिराया, जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
पुलिस को देखते ही चालाई गोलियां, तड़के मुठभेड़
जानकारी के अनुसार मुठभेड़ उस वक्त हुई जब पुलिस पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के लिए उन्हें ले गई थी। वहां छिपे अपराधियों और रामधीन ने पुलिस टीम को देखते ही गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी ढेर हो गया। इस दौरान तीन पुलिस पदाधिकारी भी जख्मी हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भागलपुर के एसएसपी ने बताया कि एक विशेष टीम दबोचे गए बदमाशों को लेकर उन ठिकानों पर पहुंची थी, जहां उसने हत्या में इस्तेमाल हथियार और दूसरे सामान छिपाए थे। इसी दौरान, वहां पहले से घात लगाए रामधीन यादव और कुछ अज्ञात अपराधियों ने पुलिस टीम पर देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी। रामधीन ने पुलिस पर कई राउंड फायर किये। जवाबी फायरिंग में वो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अफसर के चैंबर कर दी गई हत्या, सभापति नाजुक
मालूम हो कि कल मंगलवार की शाम सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक अधिकारी ईओ कृष्ण भूषण कुमार के चैंबर में घुसकर उन्हें गोली मार दी गई थी। इस वारदात ने पूरे बिहार को हिला दिया था। लुंगी में आए अपराधियों ने झोले से हथियार निकालकर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नगर परिषद के सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद राजकुमार गुड्डू को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। उनकी स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के वक्त सभापति के चैंबर में विकास योजनाओं की फाइलों पर हस्ताक्षर चल रहे थे। तभी अचानक वहां तीन नकाबपोश पहुंचे और फायरिंग कर दी। हमले के वक्त बदमाश चिल्ला रहे थे कि ‘नगर परिषद में सिर्फ हमारा वर्चस्व रहेगा।’ यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।