मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में भटौलिया पुल के पास बीती देर रात पुलिस और एक हत्या के आरोपी के बीच भीषण मुठभेड़ की खबर है। इस मुठभेड़ में पुलिस ने एक प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में वांछित अपराधी को लंगड़ा बना दिया। जानकारी के अनुसार वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया जिसपर अपराधी ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिससे अपराधी के पैर में गोली लगी तथा उसे दबोच लिया गया। घायल अपराधी की पहचान वैशाली जिले के महुआ निवासी अमित कुमार सिंह के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, अमित सिंह ने बीते माह मुशहरी में प्रॉपर्टी डीलर अमित रंजन की गोली मारकर हत्या की थी।
मुठभेड़ मुसहरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तब घटी जब पुलिस वाहन जांच कर रही थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अमित कुमार के पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए SKMCH में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि बीते माह मुसहरी थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी अंकित रंजन उर्फ प्रभात मिश्रा की चलती बाइक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। जांच के क्रम में इस हत्याकांड में अमित कुमार की संलिप्तता सामने आई थी जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस ने बताया कि बीती देर रात बेला और मुसहरी थाना पुलिस संयुक्त रूप से क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार अमित कुमार वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा।
इसके बाद भागने के क्रम में पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू किया जिस दौरान उसका वाहन असंतुलित होकर गिर गया। खुद को फंसता देख अमित ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें एक गोली अमित के पैर में लगी, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। हालांकि उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद आज बुधवार की अहले सुबह एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र खुद घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से अपराधी की बाइक, खोखा और अवैध हथियार बरामद किए हैं।