भागलपुर के नवगछिया में बीती देर रात को एक भीषण मुठभेड़ में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल को मार गिराया। मुठभेड़ को रंगरा थाना के मुरली सोनैया धार में अंजाम दिया गया। बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली जिसके बाद अपराधी की घेराबंदी की गई। इस दौरान जब पुलिस ने कुख्यात गुरुदेव मंडल को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी जिसमें कुख्यात गुरुदेव मंडल मौके पर ढेर हो गया।
जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ करीब आधी रात एक बजे रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली सोनैया धार के पास हुई। मारा गया अपराधी गुरुदेव मंडल उर्फ सनोज कुमार पूर्णिया जिला के धमदाहा थाना के हरीनकोल निवासी दशरथ मंडल का पुत्र था। पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरुदेव मंडल अपने अन्य साथियों के साथ एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अपराधियों के जुटान वाली जगह पर धावा बोल दिया। देर रात पुलिस ने अपराधियों को चुनौती दी और सरेंडर करने को कहा। लेकिन अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में कुख्यात गुरुदेव मंडल मारा गया।
पुलिस के अनुसार गुरुदेव मंडल पर एक दर्जन से अधिक मामला धमदाहा थाने में दर्ज हैं। वर्ष 2022 में भी गुरुदेव मंडल एक मुठभेड़ में कंचनपुर कदवा में घायल हुआ था। 2022 में अप्रैल और मई के बीच उसने नवगछिया में तीन बड़ी लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। साल 2022 में नवगछिया जीरोमाइल के पास गुरुदेव मंडल अपने गिरोह के साथ लूट की साजिश रच रहा था। तभी इसकी सूचना तत्कालीन नवगछिया एसपी सुशांत सरोज को मिली। जिसके बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी करने गई टीम को देखकर गुरुदेव मंडल अपने अपराधियों साथ वहां से भागने लगा। इस दौरान भी उसे गोली लगी थी, लेकिन वह भाग निकला था।