बिहार में क्राइम अनकंट्रोल हो गया है और बेखौफ अपराधी बिना किसी डर के पुलिस को एक के बाद एक चुनौती पेश कर रहे हैं। अपराध की ताजा घटना में आज शनिवार की सुबह—सुबह बदमाशों ने गयाजी में शेरघाटी के मशहूर डॉक्टर तपेश्वर अग्रवाल को गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत काफी नाजुक बताई जाती है। डॉ. तपेश्वर का अपने बेटे से लंबे समय से संपत्ति विवाद चल रहा है। जानकारी के अनुसार अपराधी एक बाइक पर सवार होकर आये थे और उनकी संख्या तीन बताई जाती है। घटना शेखपुरा मोड़ के पास उस वक्त हुई जब डॉक्टर प्रसाद अपने खेत से पैदल ही घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और गोली मारकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
बाइक पर आए थे तीन हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर आये बदमाशों ने पहले से वहां घात लगाया हुआ था। जैसे ही डॉकटर तपेश्वर वहां पहुंचे उन्होंने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी। गोली लगने से डॉक्टर तपेश्वर गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। उन्हें तत्काल स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर तपेश्वर की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। इस वारदात ने एक बार फिर बिहार में आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन राज्य में हो रही हत्या की घटनाओं से लोग दहशतजदा हैं। मालूम हो कि इसी साल जनवरी में डॉक्टर तपेश्वर प्रसाद अग्रवाल को पहले धमकी दी गई थी और फिर उसके तीन दिन बाद शेरघाटी के गोला रोड स्थित उनके निजी क्लिनिक पर बम और गोलियों से हमला किया गया था। लेकिन उस मामले में भी पुलिस मुख्य सरगना को नहीं दबोच पाई थी।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राज्य पहले से ही अपराधों को लेकर सुर्खियों में है। हाल ही में पटना के पारस हॉस्पिटल में एक कैदी की हत्या और सिवान सदर अस्पताल के गेट पर एंबुलेंस चालक को गोली मारे जाने की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। अब शेरघाटी में डॉक्टर को निशाना बनाया जाना दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं और वे किसी भी वर्ग या पेशे से जुड़े व्यक्ति को निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे। पुलिस प्रशासन को इन घटनाओं को गंभीरता से लेना होगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी। फिलहाल शेरघाटी पुलिस डॉक्टर तपेश्वर पर हुए जानलेवा हमले की जांच में जुट गई है।