यूनेस्को ने भारत के प्रमुख पर्व दीपावली को अपनी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल कर लिया है। यह फैसला हमारे देश भारत के लिए एक गर्व का क्षण है। दीपावली को विश्व सांस्कृतिक धरोहरों की सूची में शामिल करने का निर्णय यूनेस्को की अंतरराष्ट्रीय समिति की बैठक में लिया गया। इसके साथ ही अब भारत की सांस्कृतिक पहचान को भी अब वैश्विक स्तर पर एक नई मान्यता मिल गई है। दीपावली पर्व भारत की आध्यात्मिकता, विविधता और सामाजिक एकता को दर्शाता है। दीपावली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक है जो हमें आंतरिक ज्योति जलाने, बुराई पर अच्छाई की जीत और जीवन में सकारात्मकता लाने का संदेश देता है, जैसा कि भगवान राम के अयोध्या लौटने पर दीपों से नगर को सजाने की परंपरा में झलकता है।
दीपावली को लेकर यूनेस्को का यह ताजा कदम भारतीय परंपराओं को संरक्षित करने और विश्वभर में उनके महत्व को बढ़ाने में मदद करेगा। यह खबर मिलते ही केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर कहा कि आज फिर से दीपावली है! यूनेस्को द्वारा हमारे प्रकाश पर्व को अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल करना आशा, साहस और दृढ़ता के सार्वभौमिक मूल्यों का उत्सव है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को वैश्विक सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। गोयल ने इसे भारत की सभ्यता और आस्था का वैश्विक सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि दीपावली को अब ग्लोबल पहचान मिलेगी और दुनिया भर में सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ेगा। इससे टूरिज्म और रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा तथा भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर मजबूती मिलेगी।
दीपावली से पहले भारत की कई सांस्कृतिक परंपराएं यूनेस्को की सूची में शामिल हो चुकी हैं, जैसे—कुंभ मेला, गरबा, दुर्गा पूजा, योग आदि। यूनेस्को की बीती रात हुई बैठक में 150 देशों के 700 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने अमूर्त धरोहरों पर विचार किया। इस साल 78 देशों के 67 नामांकन अमूर्त धरोहर के प्रस्ताव आए थे जिनपर विचार हुआ। दीपावली के पक्ष में भारत ने कहा कि दीपावली केवल त्योहार भर नहीं बल्कि बुराई पर अच्छाई, शांति,समृद्धि के प्रतीक के तौर पर मनाई जाती है। इस त्योहार को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सौंपी गई विरासत के तौर पर मनाया जाता है। इधर यूनेस्को के इस फैसले के साथ ही दिल्ली में आज कई जगहों पर दिवाली भी मनाने की योजना है। लालकिला, चांदनी चौक, इंडिया गेट, राष्ट्रपति भवन, कर्तव्य पथ जैसे दिल्ली के फेमस जगहों पर रंगोली बनाई जा रही है और आज रात में इन सभी जगहों पर दीया जलाने की तैयारी है।