दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को साप्ताहिक जन सुनवाई के दौरान हमला होने की खबर है। घटना मुख्यमंत्री आवास पर जन सुनवाई के दौरान हुई और आरोपी शख्स को हिरासत में ले लिया गया है। मुख्यमंत्री आवास के अधिकारियों के मुताबिक, जिस समय सीएम जन सुनवाई कर रही थी, उसी समय एक शख्स अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंचा। इस दौरान उसने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया। शख्स को हिरासत में लेकर उसे सिविल लाइन पुलिस स्टेशन ले जाया गया है जहां उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार 41 वर्षीय आरोपी का नाम राजेश भाई खिमजी सकरिया बताया जाता है और वह राजकोट गुजरात का रहने वाला है।
गृह मंत्रालय सूत्रों के अनुसार दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गुरुवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हमला हुआ। इस पूरी घटना की भारतीय जनता पार्टी ने निंदा की है। जानकारी मिली है कि जन सुनवाई के दौरान हमलावर ने पहले मुख्यमंत्री गुप्ता को कुछ कागज दिए और फिर कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। दिल्ली पुलिस ने सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को पकड़ लिया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना नाम राजेश खिमजी बताया है और बताया है कि वह राजकोट, गुजरात का रहने वाला है। उसके नाम और पते की पुष्टि की जा रही है। उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमले की चश्मदीद सामने आई है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद चश्मदीद अंजलि ने कहा कि “यह गलत है। जनसुनवाई का अधिकार सभी को है। अगर कोई धोखेबाज उन्हें थप्पड़ मार सकता है, तो यह बहुत बड़ी बात है, मैं वहीं थी। वह व्यक्ति बोल रहा था और उसने अचानक थप्पड़ मार दिया। पुलिस उसे ले गई है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?”