दरभंगा जिले में किरतपुर प्रखंड अंतर्गत तरवारा घाट के रिंग बांध के पास कोसी नदी में नाव पलट गई है। नाव पलटने से उसमें सवार 9 लोग नदी में गिर गए। इनमें से 5 लोगों स्थानीय लोगों ने बचा लिया। परंतु इस हादसे में 4 अन्य लोगों के डूबने की सूचना मिल रही है। जानकारी के अनुसार नाव में सवार सभी लोग नदी के उस पार मूंग की फसल काटने के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि नाव में कुल 13 लोग सवार थे जिसमें से कुछ तो खुद तैरकर पार निकल आए। जबकि 5 लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन 3 महिलाएं और 1 पुरुष अभी भी लापता हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर लापता लोगों की तलाश में जुट गई। रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी बुलाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना जमालपुर थानाक्षेत्र के तरवारा घाट के रिंग बांध के पास घटी। बताया गया कि करीब 13 किसान एक ही नाव पर सवार होकर कोसी नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी में नाव का संतुलन बिगड़ गया। तेज धार में नाव होने के कारण उसमें पानी भरने लगा और फिर देखते ही देखते नाव पलट गयी। नाव पलटने के बाद उसमें सवार कुछ लोग किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचे। लेकिन तीन महिलाएं और एक किसान तेज धार में फंस गए। इसके कुछ देर बाद वे सभी लापता हो गए। नदी से बाहर निकले किसानों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी। घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गयी है। नाव में अधिकांश महिला किसान सवार थीं। सूचना मिलने के बाद बिरौल एसडीओ शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है।