जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बसंतगढ़ के पास कंडवा इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 187वीं बटालियन की वाहन गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में कुल 18 जवान सवार थे। जिसमे दो जवानों की मौत हो गई है, जबकि 16 अन्य घायल हैं। घायलों को कमांड अस्पताल ले जाया जा रहा है। मौके पर रेस्क्यू टीम को स्थानीय लोगों की भी मदद मिल रही है। केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने इस दुखद हादसे पर गहरा दुख जताया।
केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्होंने डीसी सलोनी राय से बातचीत की है, जो स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रही हैं और उन्हें लगातार जानकारी दे रही हैं। उन्होंने कहा कि हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है। दुर्घटना की तस्वीरें भी सामने आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। दुर्घटना आज सुबह लगभग 10:30 बजे हुई, वाहन कडवा से बसंतगढ़ की ओर जा रहा था।