मुजफ्फरपुर | कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन जगदीश गांव में बीते 28 अप्रैल को हुए ट्रिपल हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जिस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था, उसका कातिल कोई और नहीं बल्कि मृतका का पति संतोष कुमार ही निकला। अवैध संबंध के जुनून में अंधे होकर संतोष ने अपनी पत्नी, एक बेटी और महज तीन महीने के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी संतोष कुमार ने पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए इसे ‘जमीन विवाद’ का रंग दिया था। उसने अपने ही रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप मढ़ते हुए खूब आंसू बहाए ताकि किसी को उस पर शक न हो।
हालांकि, पुलिस की वैज्ञानिक जांच और कॉल डिटेल्स ने उसके झूठ का पर्दाफाश कर दिया। घटना के सम्बन्ध में ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी संतोष का करीना कुमारी नाम की महिला से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों साथ रहना चाहते थे, जिसमें परिवार बाधा बन रहा था। इसी कारण से साजिश के तहत संतोष ने पहले पत्नी को दवा खिलाकर बेहोश किया, उसके बाद पत्नी और बेटी का गला घोंट दिया। क्रूरता की हद पार करते हुए उसने अपने तीन महीने के बेटे का भी मुंह दबाकर उसे मौत की नींद सुला दिया।
दरअसल, पुलिस को संतोष के बयानों में शुरू से ही विरोधाभास मिल रहा था। कड़ाई से पूछताछ करने पर वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी संतोष कुमार और उसकी प्रेमिका करीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से वारदात में इस्तेमाल की गई रस्सी और दवा भी बरामद कर ली गई है। आरोपी ने खुद को पीड़ित दिखाने का नाटक किया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों ने उसे बेनकाब कर दिया। दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।