सिवान : बिहार के सिवान जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बीते कल यानि गुरुवार की रात करीब 10:00 बजे पचरुखी थाना क्षेत्र के भवानीपुर मोड़ के पास ‘हिंदुस्तान’ अखबार के प्रखंड संवाददाता रमेश कुमार को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी है, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सिवान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पटना PMCH रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार रमेश कुमार सिवान में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद वह चार पहिया वाहन से भवानीपुर स्थित अपने मार्केट पहुँचे, जहाँ उनकी बाइक खड़ी थी। जैसे ही वह बाइक लेकर अपने घर के लिए निकले तो पहले से घात लगाए बदमाशों ने भवानीपुर मोड़ के पास उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट में लगी है, स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें सिवान सदर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
घायल पत्रकार रमेश ने अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले पचरुखी में एक गैंगवार हुई थी, जिसमें एक अपराधी का नाम सामने आया था। उस अपराधी ने रमेश पर केस से नाम निकलवाने के लिए दबाव बनाया था, लेकिन मदद न मिलने पर वह जेल चला गया। जेल जाने के बाद उसने रमेश को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पचरुखी थाने में दर्ज कराई थी। रमेश के अनुसार, वह अपराधी अब जेल से बाहर आकर दुबई चला गया है और उसी ने इस हमले की साजिश रची है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान (SP) पूरण कुमार झा सदर अस्पताल पहुँचे और घायल पत्रकार से बात की। घटनास्थल से पुलिस को एक गोली का खोखा मिला है। फॉरेंसिक (FSL) टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कप्तान ने कहा कि मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दरअसल, इस घटना ने साल 2015 के चर्चित राजदेव रंजन हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं। राजदेव रंजन भी ‘हिंदुस्तान’ अखबार के जिला प्रभारी थे, जिनकी शहर के स्टेशन रोड पर सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले की जांच CBI ने की थी। एक बार फिर उसी संस्थान के पत्रकार पर हमले से जिले के प्रेस जगत और आम लोगों में काफी आक्रोश है।