मुजफ्फरपुर : जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को विश्वास को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक घर में रंग-रोगन (पेंटिंग) का काम करने आए मजदूर ने बाथरूम में नहा रही महिला का मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बनाने का प्रयास किया। महिला की सूझबूझ से आरोपी की इस घिनौनी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घर में पेंटिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूर ने चोरी-छिपे बाथरूम के पास जाकर अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की। महिला की नजर जैसे ही मोबाइल के कैमरे पर पड़ी, उसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और पास-पड़ोस के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आरोपी मजदूर को रंगे हाथों धर दबोचा।
आरोपी की इस हरकत से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने पुलिस को सूचना देने से पहले आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद घटना की सूचना अहियापुर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी की पहचान पुलिस लाइन चौक के पास के रहने वाले युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर जांच कर रही है।