सुपौल : जिले में एक महिला का शव मिलने से इलाके के हड़कंप का माहौल कायम है। फिलहाल मृतक महिला के शव की पहचान नहीं की जा सकी है। वहीं, सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है। घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत के गम्हारिया उपशाखा नहर के पास की है। घटना के सम्बन्ध में पुलिस ने आशंका जताते हुए कहा कि महिला की मौत कंठ में गोली लगने से हुई है।
जानकारी के अनुसार, डुमरी पंचायत में गम्हारिया उपशाखा नहर के पास गुरुवार सुबह खेत जा रहे लोगों ने एक महिला (25 वर्ष) का शव देखने पर शोर मचाया। इसके बाद किसी ने घटना की जानकारी राघोपुर थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के सम्बन्ध में थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हुई है। छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या दूसरे जगह हत्या कर महिला के शव को यहां फेंका गया है।