पटना : बिहार में अपराधियों और माफियाओं के आर्थिक साम्राज्य को ध्वस्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कोर्ट ने राज्य के तीन कुख्यात माफियाओं की संपत्ति जब्त करने का ऐतिहासिक आदेश पारित किया है। इनमें मुजफ्फरपुर का कुख्यात अपराधी चुन्नू ठाकुर का भी नाम शामिल है, जिसकी अपराध से अर्जित काली कमाई पर अब सरकार का कब्जा होगा।
दरअसल, कोर्ट ने जिन तीन बड़े अपराधियों की संपत्ति कुर्क (जब्त) करने का आदेश दिया है, उनमें से चुन्नू ठाकुर (मुजफ्फरपुर), कुमार रंजन (बेगूसराय) और दीपक कुमार (वैशाली) का नाम शामिल है। बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, अपराधियों द्वारा अपराध के जरिए जुटाई गई संपत्ति को जब्त करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 107 के तहत कड़े प्रावधान किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे राज्य में कुल 1,421 अपराधियों की पहचान की गई है।
आगे उन्होंने बताय कि 407 व्यक्तियों के खिलाफ संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव कोर्ट में भेजा जा चुका है। वर्तमान में 80 अपराधियों के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई अंतिम चरणों में है। ताजा आदेश में तीन बड़े नामों की संपत्तियों को कुर्क करने का रास्ता साफ हो गया है। बिहार पुलिस अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधियों को आर्थिक रूप से पंगु बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पुलिस का मानना है कि संपत्ति जब्ती की इस कार्रवाई से अपराध जगत में खौफ पैदा होगा और नए युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित होने से रोका जा सकेगा।