पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर सियासत शुरू हो गई है। निशांत की सियासी पारी को लेकर अभी तक किसी तरह की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बावजूद बिहार में कई नेता यह जरूर कह चुके हैं कि अगर निशांत राजनीति में आते हैं तो यह अच्छी बात है। ऐसे में अब बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मीडिया के सामने बड़ी बात कर दी है। साथ ही उन्होंने परिवारवाद पर भी तीखी प्रतक्रिया दी है।
मीडिया से बात करते हुए बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि यदि निशांत राजनीति में आते हैं तो यह हमारे लिए ख़ुशी की बात होगी। युवाओं को राजनीति में आनी ही चाहिए, इसमें सवाल करने का कोई मतलब ही नहीं रह जाता हैं। भारत के हर नागरिक को राजनीति करने की आजादी है। परिवारवाद के सवाल पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि कहा कि नीतीश कुमार शुरू से ही परिवारवाद के खिलाफ हैं और आगे भी रहेंगे। नीतीश कुमार किसी को बैठे-बिठाए पद देने के खिलाफ हैं। निशांत को भी राजनीती करने के लिए लोगों के बीच जाना होगा।
आगे उन्होंने कहा कि यह बात अलग है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए खूब काम किया, जनता उनपर खूब भरोसा है। नीतीश कुमार जिसको भी जो सीट देंगे उसपर एनडीए के कैंडिडेट की जीत तय है तो निशांत राजनीति में आते हैं तो उनकी जीत तय है। वहीँ, उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके काल में लोग घर से नहीं निकल पाते थे। चुनाव के दौरान जगह-जगह बूथ कब्ज़ा कर लिया जाता था। कोई भी जीत जाता था अब तो किसी को भी जनता के विश्वास जीतने के बाद ही कोईबात बनती है।