बक्सर में एक रिटायर्ड फौजी ने घरेलु झगड़े के दौरान आवेश में आकर अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। मामला कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरक गांव का है। बताया गया कि घरेलू विवाद को लेकर पति- पत्नी के बीच झगड़ा शुरु हुआ था। झगडा से आक्रोशित होकर पति ने धारदार हथियार से पत्नी उर्मिला देवी की हत्या कर दी। हत्यारे पति की पहचान रिटायर्ड फौजी कपिल मुनि सिंह के तौर पर की गई है जिसे पुलिस तालाश रही है। जानकारी के अनुसार जैसे ही रिटायर्ड फौजी ने पत्नी पर हमला किया, वह धराशाई होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद रिटायर्ड फौजी कपिलमुनी सिंह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गुस्से में आकर पति ने उठाया कदम
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी कपिल मुनि सिंह ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी उर्मिला देवी की हत्या की है। रिटायर्ड फौजी के पड़ोसियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़ा होता रहता था। उनके घर से अक्सर लड़ाई—झगड़े की आवाज सुनाई देती थी। आज गुरुवार की सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ था। इसी दौरान बात बढ़ती गई और देखते ही देखते कपिल मुनि सिंह ने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठा लिया।
हत्या के बाद पति हुआ मौके से फरार
मौके पर पहुंची कृष्णाब्रह्म थाने की पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने घर और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। यह भी पता चला कि मृतक उर्मिला देवी के पांच बच्चे हैं जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। दोनो बेटियों की शादी हो चुकी है। जबकि कपिलमुनी सिंह कुछ ही साल पहले फौज से रिटायर होकर गांव आ गया था। इसके बाद अक्सर उसकी अपनी पत्नी के साथ झगड़े होने शुरू हो गए जिसकी आज यह भयानक परिणती सामने आई।