पटना/बक्सर : बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के निर्देशानुसार जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ रविवार को बक्सर के इंडोर बैडमिंटन हॉल में हुआ। यह प्रतियोगिता 19 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन बक्सर की जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) एवं वरीय उप समाहर्ता सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।कार्यक्रम में जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। संघ के सचिव उमेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं एवं आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी।
वहीं वाइस सचिव आशुतोष राय ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आगामी पांच दिनों तक विभिन्न आयु वर्गों के एकल एवं युगल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे इंडोर बैडमिंटन हॉल में खेल के प्रति उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। जिला खेल कार्यालय एवं जिला बैडमिंटन संघ द्वारा प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 23 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी बक्सर जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट