वैशाली के लालगंग में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे पुल का लॉन्चर अचानक गिर जाने से बड़ा हादसा होने की खबर है। इस हादसे में करीब आधा दर्जन से अधिक मजदूरों के घायल होने की सूचना है। इनमें से कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद लोकल पीएचसी से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।जानकारी के मुताबिक हादसा लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर सती स्थान के पास हुआ। यहां भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत पुल का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा लॉन्चर आज गुरुवार को अचानक नीचे गिर गया। लॉन्चर के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार छपरा-सोनपुर-वैशाली मार्ग पर भारतमाला परियोजना के तहत 6 लेन सड़क और पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी परियोजना के अंतर्गत लालगंज के जलालपुर गांव के समीप गंडक नदी के पास पुल का निर्माण किया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक निर्माण कार्य के दौरान अचानक पुल का बड़ा ढांचा भरभराकर गिर गया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र धूल और मलबे से भर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच भगदड़ मच गई। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक से अधिक मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की कही जा रही है। दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया है। इधर निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद स्थानीय लोग निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए काफी आक्रोशित हो उठे।
हादसे में घायल मजदूरों की पहचान रंजन कुमार (बेगूसराय), राम भरोसे साह (पटना), गुलशन (पंजाब), अली इमाम (पातेपुर), प्रमोद चौधरी (पटना) और संजीव कुमार (ओडिशा) के रूप में हुई है। इनमें राम भरोसे साह और प्रमोद चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। वहीं, एक मजदूर के मलबे में दबे होने की सूचना भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे, वहीं मदद में भी देरी हुई। अब राहत दल मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। बचावकर्मी भारी मशीनों की मदद से गैस कटर से लोहा काटकर दबे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
