मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां करजा थाना क्षेत्र के भटौना गांव में भांजी की शादी में पहुंचे उसके मामा की गोली मारकर हत्या कर दिये जाने की खबर है। वाकये के बाद दुल्हने के परिजनों में कोहराम मच गया और वहां अफरा—तफरी मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची करजा थाने की पुलिस और सरैया के एसडीपीओ अभिजीत कौर ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक चले हुए कारतूस का खोखा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस ने वहां कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कुछ लोग बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने की बात कह रहे हैं, वहीं दुल्हन के घरवाले इसे पुराने विवाद में की गई हत्या बता रहे हैं। गोली लगने के बाद घायल हुए दुल्हन के मामा को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार बीती रात करजा थाना क्षेत्र के भटौना गांव के वार्ड संख्या 2 में नीति सहनी की बेटी की शादी की रस्में चल रही थी। इसी शादी में दुल्हन का मामा रंजीत कुमार आया था। वह मुसहरी थाना क्षेत्र के तारौरा गांव का रहने वाला बताया जाता है। जयमाला के बाद सभी लोग खाना खा चुके थे। इसके बाद मंडप में शादी की रस्में शुरू हो गईं। उस समय घर के बाहर रंजीत कुमार बारातियों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान कुछ बदमाश आए और रंजीत कुमार को गोली मार दी। हत्या करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया और वहां चीख-पुकार मच गई।
वाकये के बाद मृतक रंजीत के बेटे राज किशोर ने बताया कि उनके पिता जी शादी में गए थे। गोली मार कर हत्या कर दी गई। उसने बताया कि पहले कुछ लोगों से उसके पिता का विवाद चल रहा था। उन्हीं लोगों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी है। इधर एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि नीति सहनी की बेटी की शादी में आए दुल्हन के मामा रंजीत कुमार की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस के हाथ इस हत्याकांड से संबंधित कुछ अहम सुराग लगने की बात कही जा रही है।