चुनावी साल होने के कारण बिहार में सियासी पार्टियां अभी से तरह—तरह के लोक लुभावन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को रिझाने और उनसे जुड़ने की कोशिश कर रही हैं। ऐसी ही एक कोशिश के तहत RJD ने भी भोजपुर के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के बीच साड़ी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया था। लेकिन इस मौके पर RJD के स्थानीय विधायक ने एक ऐसी हरकत कर दी जिससे पार्टी के साथ ही इसके नेता तेजस्वी यादव को भी अब जवाब देते नहीं बन रहा। इस सारी घटना का किसी ने वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
दरअसल ब्रह्मपुर से विधायक शंभु यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह पार्टी की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में साड़ी बांटते नजर आ रहे है। लेकिन इस दौरान अचानक वे अपना आपा खो देते हैं और गुस्से में उन्होंने एक महिला के सिर पर साड़ी मार दी। राजद विधायक द्वारा महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि राजद के इस साड़ी वितरण कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। विपक्षी जदयू और भाजपा ने इसे लेकर तेजस्वी यादव और उनके विधायक के आचरण पर सवाल उठाए। दोनों पार्टियों ने कहा कि जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें राजद विधायक साड़ी बांटने के बजाय महिलाओं पर फेंकते हुए साफ दिख रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुर से राजद विधायक शंभु यादव महिलाओं को साड़ी बांटने का कार्यक्रम रखा था। आरोप है कि साड़ी बांटते समय उनका व्यवहार ठीक नहीं था। बताया जा रहा है कि साड़ी वितरण कार्यक्रम में लगभग 10 हजार महिलाओं को साड़ी बांटने की योजना थी। लेकिन फ्री में साड़ी मिलने की बात सुन वहां भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई महिलाएं एक दूसरे के ऊपर गिर गईं। इसके बाद राजद कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभाला और सबको कतारबद्ध करवाया। विपक्षी जदयू और भाजपा का कहना है कि यह साड़ी वितरण जनता को ठगने और चुनाव में लाभ हासिल करने के लिए किया गया था। लेकिन वे अपना असली रंग जनता से कैसे छिपा सकते थे। हालांकि विधायक शंभु यादव ने जदयू और भाजपा के आरोपों को नकारते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उनके पोते की भखौटी के उपलक्ष्य में किया गया था।