बेतिया के सिकटा में आज शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक किशोरी और एक युवक का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटका मिला जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह वाकया सिकटा थाने के सिरिसिया गांव में पेश आया जिसके बाद वहां मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान सिरिसिया गांव के ही इजहार अंसारी के बेटी सहाबुन नेशा (16 वर्ष) तथा शेख बुनाद के बेटा सैदुल्लाह(17 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके परिजनों ने बताया कि दोनों रात में खाना खाकर सो गए थे। सेहरी के समय जब वे घर में नहीं दिखे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की जिसके बाद गांव के ही सुब्बा यादव के आम के बगीचे में दोनों की बॉडी लटकी मिली।
एक ही दुपट्टे से लटके, इलाके में हड़कंप
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह जब अपने—अपने घर से गायब किशोरी और युवक के परिजन उन्हें ढूंढते हुए सुब्बा यादव के आम बगीचे की तरफ गए तो उन्हें वहां दूर से कुछ पेड़ से झूलता दिखा। पास जाकर देखा तो दोनों के शव आम के पेड़ से लटके मिले जिसके बाद पूरे सिरिसिया गांव में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय सहाबुन निशा और 19 वर्षीय शेख सैदुल्लाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के शव एक ही दुपट्टे से आम के पेड़ से लटके हुए थे। सुबह जब स्थानीय लोगों ने यह दृश्य देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिकटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया भेज दिया। मौके पर नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर राजीव कुमार और थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। वहीं, एफएसएल टीम के सीनियर साइंटिस्ट सुमन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने का काम किया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।