बोधगया से एक खौफनाक वारदात सामने आई जिसमें एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटी ने हथौड़े से हमला कर अपने ही पिता की सोते समय जान ले ली। घटना गयाजी जिले के बोधगया स्थित मनकोसी गांव की है। मृतक की पहचान मनकोसी गांव के 70 वर्षीय कपिल मिस्त्री के रूप में हुई है। पुलिस ने हमलावर बेटी कंचन कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि विक्षिप्त बेटी कंचन पहले भी हत्या को अंजाम दे चुकी थी। उसने पूर्व में अपने ही दूधमुंहे बच्चे और एक अन्य को मार डाला था। उसके बाद से ही घरवाले उसे जंजीरों में जकड़कर रखते थे।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात में जब विक्षिप्त के पिता खाना खाने के बाद घर में अन्य परिजनों के साथ सो रहे थे। तभी अचानक उनकी विक्षिप्त बेटी ने अपने बाप पर हथौड़े से हमला कर दिया। उसने पिता की गर्दन और सिर पर कई वार किये जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आवाज सुनकर परिजन जब तक वहां पहुंचते, तब तक कपिल मिस्त्री की जान जा चुकी थी। इस घटना की जानकारी जैसे ही गांव वालों को हुई, वहां सनसनी फैल गई। आरोपी बेटी कंचन कुमारी की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जाती है।
बताया जाता है कि पूर्व में आरोपी बेटी कंचन कुमारी करीब चार साल के अपने दुधमुंहे बच्चे सहित अन्य की भी हत्या कर चुकी है। मामले में बोधगया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि 30 साल की कंचन मानसिक रूप से विक्षिप्त थी, जिस कारण घर में उसे बेड़ियों में जकड़ कर रखा जाता था। कंचन की शादी 17 साल पहले यूपी के कानपुर में हुई थी। लेकिन विक्षिप्त होने के कारण उसे मायके में ही रखना पड़ा, जहां वह दिनोंदिन उग्र होती गई।