भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के लक्ष्मण ने पूरा चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए कहा कि 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया शुरू होकर 20 जनवरी तक चुनाव की पूरी कवायद संपन्न हो जाएगी। इस चुनाव को भाजपा ने संगठन पर्व 2024 का नाम दिया है। अभी पार्टी ने नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया के बाद उन्हें ही पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। बिहार में लगातार 5 बार से विधायक नितिन नवीन को हाल में भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। ऐसे में उनके निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना है। पार्टी के किसी अन्य नेता की इस पद के लिए दावेदारी की संभावना नहीं के बराबर है।
पार्टी ने लिखा है कि बीजेपी का संगठन पर्व 2024 अपने गंतव्य की ओर अग्रसर है। प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा की तरफ से लिखा गया है कि आज राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया की आधिकारिक घोषणा की जा रही है। पार्टी ने आज ही निर्वाचक मंडल की सूची जारी कर दी है। पार्टी मुख्यालय में इस सूची का प्रकाशन किया गया है। इसके बाद 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। 19 जनवरी को ही शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद शाम 5 से 6 बजे तक नाम वापस लिया जा सकता है। शाम साढ़े 6 बजे राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी बयान जारी करेंगे। अगर जरूरी हुआ तो 20 जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।