बिहार में मधुबनी जिले की राजनगर सीट से भाजपा विधायक और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत पासवान को रूस के संसदीय चुनाव के लिए अंतर्राष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। विधायक सुजीत पासवान बतौर अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक 18 से 20 सितंबर तक होने वाले रूस चुनावों के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। रूस की सिविक चैम्बर आफ रसियन फेडरेशन ने भी विधायक सुजीत पासवान को निमंत्रण दिया है जिस दौरान वह मॉस्को में रहेंगे और चुनावी प्रक्रिया का अवलोकन करेंगे। उन्हें मॉस्को स्थित सिचुएशनल सेंटर में विदेशी सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों और दूसरे अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों के साथ चुनावी प्रक्रिया को देखने और मॉनिटर करने को कहा गया है। रूस में स्टेट डूमा यानी संसद चुनाव 18 से 20 सितंबर 2026 के बीच होने हैं।

विधायक सुजीत पासवान ने छात्र जीवन से ही राजनीति शुरू की और 2010 में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद 2020 में वे बीजेपी के सक्रिय सदस्य बने। इसके बाद उन्हें बीजेपी युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। सुजीत पासवान फिलहाल राजनगर सीट से विधायक होने के साथ-साथ बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष हैं। यानी पार्टी में संगठन और विधानसभा, दोनों स्तर पर उनकी भूमिका है। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें राजनगर से पहली बार चुनावी मैदान में उतारा था। चुनाव में जीत के बाद वह पहली बार बिहार विधानसभा पहुंचे। राजनगर विधानसभा क्षेत्र मिथिलांचल की राजनीति में महत्वपूर्ण सीटों में गिना जाता है।
ज्ञात हो कि इस वर्ष हो रहे संसदीय चुनाव के लिए रूसी संघ की सिविक चैम्बर ने अलग-अलग देशों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और सिविल सोसाइटी से जुड़े प्रतिनिधियों को चुनावी प्रक्रिया के सार्वजनिक पर्यवेक्षण के लिए आमंत्रित किया है। इसी क्रम में राजनगर विधायक सुजीत पासवान को भी यह निमंत्रण मिला है। इस आमंत्रण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक सुजीत पासवान ने कहा कि यह आमंत्रण केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि बिहार और मिथिलांचल के प्रत्येक नागरिक का सम्मान है। एक सामान्य कार्यकर्ता को यह अवसर मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इसके लिए उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
