एक दिल दहला देने वाली घटना में पटना के पाटलिपुत्रा थाने से महज 130 मीटर की दूरी पर रहने वाले बुजुर्ग दंपती की काफी बेरहमी से हत्या करने की खबर है। दंपती के सिर पर गंभीर जख्म के निशान हैं। वारदात को पॉश इलाके के नेहरू नगर रोड नंबर दो स्थित मकान नंबर 62 के पहले फ्लोर पर अंजाम दिया गया। मरने वालों की पहचान सीवान के नौतन थाना क्षेत्र पचलखी गांव निवासी और बिस्कोमान के रिटायर्ड अफसर एनके श्रीवास्तव और उनकी पत्नी सुजाता देवी के रूप में की गई।
बुजुर्ग महिला का शव किचन में मिला
पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर बारीकी से जांच शुरू की। बुजुर्ग महिला का शव किचन में मिला जबकि उनके पति का शव बेडरूम में पड़ा हुआ था। लूटपाट के साक्ष्य अब तक नहीं मिले हैं। दंपती के तीन बेटे हैं। एक नीदरलैंड, दूसरा दुबई और तीसरा दिल्ली में रहता है। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले किरायेदार ने बताया कि कल मंगलवार की दोपहर दंपती के बीच बहसबाजी हो रही थी जिसकी आवाज उन्होंने सुनी।
पुलिस का कहना है कि प्रतीत होता है कि घटना दोपहर के बाद किसी समय हुई है। क्योंकि कमरे से लेकर किचन तक खून पसरा हुआ था। खून सूख चुका था। मामले की जांच चल रही है। किरायेदार और आसपास के लोगों से पूछताछ चल रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।