बिहार में बीते दिन की शाम को आई तेज आंधी और बारिश के तूफान ने कुल 7 जानें ले ली। पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया और पटना के निकट दानापुर में 2—2 तथा सारण, मधुबनी दरभंगा और बेगूसराय में एक—एक लोगों के मौत की सूचना है। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम को आई तेज आंधी ने पश्चिम चंपारण जिले में विभिन्न जगहों पर दो युवको की जान ले ली। वही एक दो वर्षीय बच्चा भी घायल हो गया। इस दौरान बेगूसराय और दानापुर में बीती रात आंधी और बारिश से मकान की दीवार गिरने से कुल 3 लोगों की दबकर मौत हो गई। बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र के गाछी टोला मियांचक में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान की दीवार गिरने से 20 वर्षीय युवक दीपक कुमार मारा गया। वहीं दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र में रुकनपुरा देवी स्थान के पास स्थित एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दो राहगीरों की मौत हो गई।
रूपसपुर में अचानक गिर गई दीवार
दानापुर में दीवार गिरने से मारे गए लोगों की पहचान तिलक नगर निवासी 73 वर्षीय त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा और रुकनपुरा निवासी 45 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई है। अनीता देवी मूल रूप से नौबतपुर की रहने वाली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों तेज आंधी और बारिश के बीच पैदल जा रहे थे, तभी अचानक ऊपर से दीवार गिर पड़ी और वे उसके नीचे दब गए। उधर बेगूसराय में हादसा उस वक्त हुआ जब रतनपुर के गाछीटोला मियांचक में दीपक नाम का शख्स काम से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह अपने आवास के पास पहुंचा, वर्षा और आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान के नीचे खड़ा हो गया। तभी तेज हवा के झोंके से निर्माणाधीन मकान की दीवार सीधे उसके ऊपर आ गिरी। उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजदूरी करता था दीपक कुमार
बेगूसराय में दबने से मृतक शख्स दीपक के पिता ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता था, और अपने कार्यस्थल से घर आ रहा था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच पड़ताल शुरू की। जानकारी के अनुसार बिहार के विभिन्न जिलों में कल शाम को आई तेज आंधी और बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। आम और लीची की फसल भी बर्बाद हो गई है। वहीं कल शाम आई तेज आंधी से पटना रूट पर ट्रेन परिचालन भी कुछ समय तक प्रभावित होने की खबर है। बताया जाता है कि मेन लाइन पर बिहटा और कुल्हड़िया के बीच पेड़ गिरने से ओवरहेड तार टूट गया जिससे कई ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा। मौसम विभाग ने बताया है कि अभी आज और अगले 2—3 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा तथा आंधी—बारिश की संभावना बनी हुई है।