बिजली वितरण के क्षेत्र में बिहार ने यूपी और झारखंड को पछाड़ते हुए ‘A’ ग्रेड हासिल किया है। यह ऊर्जा क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की एक बड़ी उपलब्धि है। यही नहीं, बिहार की दोनों बिजली वितरण कंपनियों-नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) ने यूपी झारखंड के अलावा राजस्थान, कर्नाटक समेत कई बड़े राज्यों को केंद्रीय रेटिंग में पीछे कर दिया है। इस उपलब्धि पर केंद्र सरकार ने राज्य की दोनों बिजली वितरण कंपनियों को उत्कृष्ट वित्तीय एवं परिचालन प्रदर्शन के लिए ‘A’ग्रेड से नवाजा है। इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य की दोनों कंपनियां मुख्यमंत्री नीतीश के नेतृत्व में अपने कार्य को सर्वोच्च लेवल पर ले गईं हैं। ये कंपनियां वितरण के साथ ही आमलोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति में लगातार जुटी हुईं हैं।
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय की ओर से जारी पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन की 14वीं इंटीग्रेटेड रेटिंग एवं रैंकिंग रिपोर्ट में बिहार को यह ग्रेडिंग दी गई है। पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन देशभर की कुल 65 विद्युत वितरण कंपनियों का 100 अंकों के पैमाने पर मूल्यांकन करती है। इसमें बिलिंग, वितरण हानि, अनुदान, कंपनी संचालन समेत अलग-अलग पैमानों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। इस पर बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार की विद्युत वितरण कंपनियां निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ अपनी कार्य प्रणाली एवं दक्षता में भी लगातार वृद्धि कर रही हैं।भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए दोनों कंपनियां ‘A+’ रेटिंग हासिल करेंगी।
ऊर्जा सचिव और बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने केंद्र की रेटिंग पर कहा कि NBPDCL और SBPDCL को इंटीग्रेटेड रेटिंग में जो A ग्रेड मिली है, वह बिहार की विद्युत वितरण क्षेत्र में की जा रही कोशिशों का सबूत है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश रहेगी कि बिहार की वितरण कंपनियां देश की शीर्ष प्रदर्शन करने वाली कंपनियों में अपनी स्थिति को मजबूत करें।