पटना : बिहार विधान सभा के केंद्रीय सभागार (सेंट्रल हॉल) में आयोजित “विकसित भारत युवा संसद 2026” का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। यह दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम मेरा युवा भारत, पटना एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार की अध्यक्षता में गठित जूरी टीम द्वारा किया गया। जूरी में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री श्री संजय सिंह (टाइगर), सूचना प्रौद्योगिकी एवं खेल विभाग की मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह सहित कई माननीय सदस्यगण शामिल रहे।
युवा संसद में वक्तृता प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण के हिमांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भागलपुर के मो० नौशाद करीम द्वितीय और पटना की आयुषी आर्या तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को मंत्री श्री संजय सिंह (टाइगर) एवं अन्य गणमान्य सदस्यों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
चयनित तीनों प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित युवा संसद में बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी जूरी सदस्यों द्वारा भागीदारी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में बिहार विधान सभा की प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम सिन्हा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।