बिहार में एनडीए सरकार की वापसी के साथ ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भू-माफियाओं और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुजफ्फरपुर की सफलता के बाद, अब आगामी 31 दिसंबर 2025 को सहरसा के प्रेक्षागृह (विकास भवन के सामने) में विशाल ‘भूमि सुधार जन कल्याण संवाद’ का आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को राजस्व सेवाओं का लाभ समय सीमा के भीतर दिलाना है। संवाद के दौरान कुछ चुनिंदा आवेदनों पर उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा की मौजूदगी में अंचलाधिकारी (CO) और राजस्व कर्मचारी को सीधे पीड़ित के सामने बैठाकर जवाबदेही तय की जाएगी। मौके पर राजस्व विभाग से संबंधित सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं संबंधित राजस्व कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।
इस सत्र में शिकायतकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 09 बजे से 10.30 बजे तक अंचलवार लगाए गए काउंटर पर किया जाएगा। प्रथम पाली (जन संवाद) सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक। इसमें दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस और ई-मापी जैसी सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सुनी जाएंगी। और द्वितीय पाली (समीक्षा बैठक) दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। इसमें विभाग के आला अधिकारियों के साथ ‘अभियान बसेरा-2’ और ऑनलाइन सेवाओं के प्रगति की डेटा आधारित समीक्षा होगी।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में प्राप्त सभी आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। आवेदकों को अपना मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा ताकि उनके आवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी SMS के जरिए मिलती रहे। बैठक में जिले के अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) और सभी राजस्व अधिकारी मौजूद रहेंगे। बिहार विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल के नेतृत्व में मुख्यालय के अधिकारी लगातार जिलावार समीक्षा कर रहे हैं। प्रमंडल मुख्यालयों के बाद अब जिलावार और ग्रामवार कार्यों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि समयबद्ध तरीके से लोगों को न्याय मिल सके।